बारहमासी सड़क पर मटेला के पास गिरा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
घाट से गुरना तक करीब 20 किलोमीटर के हिस्से पर सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। बारहमासी सड़क के निर्माण के दौरान सड़क पर मलबा लगातार गिर रहा है। मंगलवार को भी इस सड़क पर सुबह नौ से दस बजे तक एक घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रही। उसके बाद अपरान्ह एक बजे फिर आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरा मलबा हटाने में काफी समय लग रहा है। इस कारण वाहनों की आवाजाही दोनों तरफ से रोकनी पड़ती है। घाट, मीना बाजार, मटेला, कंतगांव के पास अक्सर मलबा गिर रहा है।
बारहमासी सड़क को मानक के हिसाब से चौड़ा किया जा रहा है। इसके लिए पहाड़ी को काटना पड़ रहा है। यह सारा काम मुख्य सड़क के समानांतर ही चल रहा है। पहाड़ी को काटने के बाद निकला मलबा मुख्य सड़क पर गिर रहा है। यह समस्या पिछले एक महीने से बनी है। बताया गया कि मुख्य ठेकेदार ने सड़क की कटिंग का काम अलग-अलग टुकड़ों में कई ठेकेदारों को सौंप रखा है। हर ठेकेदार अलग-अलग स्थानों पर सड़क का निर्माण कर रहा है। एनएच के अधिकारियों ने तय किया है कि इस माह के अंत तक घाट से गुरना के बीच सड़क कटिंग का काम पूरा हो जाएगा। उसके बाद अगले चरण का काम शुरू होगा। पिथौरागढ़ जिले में बारहमासी सड़क की लंबाई 30 किलोमीटर है।
इधर, सड़क पर मलबा गिरने से यात्री और वाहन चालक रोज परेशानी झेल रहे हैं। पिथौरागढ़ से जाने वाले और पिथौरागढ़ को आने वाले वाहन चालक यह तय कर चल रहे हैं कि उनको घाट से गुरना के बीच में कम से कम एक से दो घंटे तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ेगा। पंचेश्वर घाटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनोज सिंह सामंत ने कहा यदि मलबा गिराते समय सावधानी बरती जाती तो यातायात बंद होने की समस्या कम हो जाती। उन्होंने फिर से डीएम को पत्र लिखा है।