पिथौरागढ़। चीन सीमा को जोड़ने वाली मुनस्यारी-मिलम सड़क पहाड़ी दरकने से बंद हो गई है। इससे मल्ला जोहार घाटी के साथ ही सेना की चौकियों का संपर्क कट गया है। सीमा को जोड़ने वाली गुंजी-लिपुलेख और थल-मुनस्यारी सड़क पर भी मौसम की मार पड़ने से पांच घंटे तक आवाजाही ठप रही।
लगातार सड़कों के बंद होने से सीमांत और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार तड़के चार बजे चीन सीमा को जोड़ने वाला मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग बुगडियार के समीप बोल्डर और मलबा आने से बंद हो गया।
पूरे दिन सड़क खोलने के प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिली। मार्ग बंद होने से सुरक्षा कर्मियों और इलाके के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चीन सीमा को जोड़ने वाली गुंजी-लिपुलेख सड़क भी पहाड़ दरकने से दारमा, व्यास घाटी के ग्रामीणों, यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों को पांच घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह करीब आठ बजे सड़क पर आवाजाही सुचारु कराई जा सकी।
मुनस्यारी को जोड़ने वाले थल-मुनस्यारी स्टेट हाईवे पर तीन घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। नाचनी के पास हरड़िया के नया बस्ती में पहाड़ी से बोल्डर-मलबा गिरने से सड़क के दोनों तरफ सैकड़ों वाहन और यात्री फंसे रहे।
लोनिवि ने शाम चार बजे मलबा साफ कर आवाजाही सुचारु कराई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि सड़कों को खोलने के लिए जगह-जगह जेसीबी तैनात हैं। जल्द आवाजाही सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
......................
11 ग्रामीण सड़कें बंद
जिलेभर में सोमवार को बारिश से लोग परेशान रहे। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई बारिश दोपहर में कुछ देर के देर थमने के बाद शाम तक जारी रही। बारिश के बाद जगह-जगह मलबा आने से 11 ग्रामीण सड़कें बंद हैं, इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में जरूरी सामानों की आपूर्ति भी प्रभावित है।