धारचूला (पिथौरागढ़)। व्यापारियों ने नगर की सड़कों पर इंटरलॉकिंग टाइल लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बार गड्ढों पर पैच वर्क किया जाता है और कुछ दिन बाद ही इनमें डामर उखड़ने से सड़कों की हालत दयनीय हो जाती है।
गुमान सिंह बिष्ट सहित अन्य व्यापारियों ने कहा कि नगर की सड़कों में मानसूनकाल में गड्ढे भरे गए थे। कुछ दिन बाद ही सड़कों की हालत खराब हो गई। फिर से गड्ढों में लाखों रुपये खर्च कर पैच वर्क कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सड़कों पर इंटरलॉकिंग टाइल लगाना जरूरी है। वहीं लोनिवि के जेई जसवंत सिंह परिहार ने कहा कि नगरीय सड़कों पर इंटर लॉकिंग टाइल लगाने के लिए 2.75 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर काम शुरू कर दिया जाएगा। संवाद