पिथौरागढ़ में शाम को हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। संवाद
पिथौरागढ़/चंपावत। पिथौरागढ़ नगर में बृहस्पतिवार को दिन में मूसलाधार बारिश हुई। सुबह मौसम सामान्य था और धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान बादलों से घिर गया। इस दौरान जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिली है। लगातार हो रही बारिश के बाद जिले के कई हिस्सों में पेयजल संकट से लोगों को राहत मिली है। खरीफ की फसल की बुआई कर रहे किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान है।
इधर चंपावत जिला मुख्यालय में एक ही दिन में अधिकतम तापमान ढाई डिग्री तापमान बढ़ गया। बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय में सुबह आसमान में हल्के बादलों के बीच उमस भरी गर्मी का एहसास रहा। आपदा विभाग से के अनुसार चंपावत का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहा। इधर देर शाम नगर में हल्की बारिश हुई। संवाद
पिथौरागढ़ में बारिश से छह सड़कें बंद
पिथौरागढ़। जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण छह सड़कें बंद चल रही हैं। इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण डीडीहाट-आदिचौरा-कुनिया, सानदेव-तुर्गोली, डीडीहाट-आदिचौरा-सीढ़ी, डीडीहाट-आदिचौरा-सीढ़ी, नाचनी-भैंसकोट और कालिका-खुमती सड़क बंद चल रही है। सड़कों के बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा का सामान पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र बंद सड़कों को खोलने की मांग की है। संवाद