जिले में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई है। अब मानसून सक्रिय हो गया है। ऐसे में बारिश की निरंतरता बनी रहेगी।
बारिश के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा है और ग्रामीण अंचलों से लोगों ने बाजार की तरफ कम आवाजाही की।
जिला मुख्यालय में पिछले कई दिनों से बादल छाए थे, लेकिन बारिश न होने से लोगों में मायूसी थी। बुधवार रात दो बजे से जिला मुख्यालय में एक रफ्तार से बारिश होने लगी। पूरे दिन बारिश ने थमने का नाम नहीं लिया। पूरे जिले में व्यापक स्तर पर वर्षा हो रही है।
मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि अब मानसून सक्रिय हो गया है और लगातार बारिश होती रहेगी। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सफर करते समय सावधानी बरतनी होगी। जिले के डीडीहाट, मुनस्यारी, थल, धारचूला में भी लगातार बारिश हो रही है।
कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-30 एमएम
गंगोलीहाट-35 एमएम
मुनस्यारी-43 एमएम
धारचूला-20 एमएम
बेड़ीनाग-19 एमएम
डीडीहाट-22 एमएम