गंगोलीहाट की हिमालयन ग्राम विकास समिति की ओर से मंगलवार से यहां जिला पंचायत सभागार में दो दिवसीय साइंस आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में 20 इंटर कालेजों के 100 विद्यार्थी और 40 शिक्षक भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रख्यात भूवैज्ञानिक डा. केएस वल्दिया, भौतिक विज्ञानी प्रो. उमेश वाघमरे, प्राणी विज्ञानी प्रो. उदय रंगा, पाल कालेज आफ टेक्नालाजी के प्रो. बीडी लखचौरा, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के प्रो. एएस जीना, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. केएस कठायत विद्यार्थियों और शिक्षकों को विज्ञान की जानकारी देंगे।
साइंस आउटरीच कार्यक्रम 2009 से लगातार आयोजित किया जा रहा है। वर्ष में दो कार्यक्रम होते हैं। आयोजक मंडल के किशोर चंद्र पाटनी, दिनेश चंद्र भट्ट और हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि साइंस आउटरीच कार्यक्रम में विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि नहीं वरन आग्रह पैदा करना, विद्यार्थियों और शिक्षकों को विज्ञान की नई खोजों से परिचित कराना, विज्ञान के क्षेत्र में कैरियर की तलाश को मार्गदर्शन करना और तेजी से बदल रही दुनिया की चुनौतियों को सामना करने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।
अब तक इस कार्यक्रम से राज्य के 297 इंटर कालेजों के 15513 विद्यार्थी और 898 शिक्षक लाभान्वित हो चुके हैं।