पिथौरागढ़ पर्यटक आवासगृह में कैलास यात्रियों का दसवां दल
- फोटो : अमर उजाला
कैलास मानसरोवर की यात्रा पूरी कर दसवां दल भी लौट आया है। यात्रियों का कहना है कि तिब्बत में विकास तेजी से हो रहा है। अब कैलास मानसरोवर क्षेत्र में भी सुविधाओं का विस्तार होने लगा है। यहां पर्यटक आवासगृह में यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। उनको माल्टा का जूस दिया गया और दोपहर भोजन में कुमाऊंनी व्यंजन परोसे गए। धारचूला से पिथौरागढ़ के बीच में शनिवार को दिन में यातायात सामान्य रहा, इससे यात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई।
टीआरसी के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों का स्वागत किया। दल के जनसंपर्क अधिकारी एनसी चक्रवर्ती ने बताया कि दल में नौ महिलाओं समेत कुल 41 यात्री हैं। श्री चक्रवर्ती ने बताया कि चीन सरकार तिब्बत के विकास पर ज्यादा ध्यान दे रही है। वहां पर सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। तिब्बत में लिपुलेख दर्रे तक फोरलेन सड़क बन गई है और संचार की बेहतरीन सुविधा है। यात्रियों के स्वागत के समय हर सिंह, नारायण जोशी, महेश, संजय, शंकर आदि शामिल थे। यात्री दोपहर भोजन के बाद जागेश्वर धाम को रवाना हो गए। रविवार को दल वहां से दिल्ली को रवाना होगा।