पिथौरागढ़। कनालीछीना विकासखंड के नेपाल सीमा से सटे पीपली क्षेत्र के सुनखोली गांव में तीन युवकों ने लाठी-डंडों से पीट पीटकर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों युवक फरार हैं और पुलिस तीनों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मृतक युवक के भाई ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उनके भाई गगन सिंह बोरा की हत्या हुई है।
पुलिस के अनुसार सुनखोली गांव में शुक्रवार को एक नवजात का नामकरण होना था। नामकरण संस्कार से एक दिन पहले बृहस्पतिवार रात को पारंपरिक तरीके से महिलाओं और पुरुषों के खेल लगे थे। आरोप है कि इसी दौरान सुनखोली गांव के तीन युवक शोबन सिंह, हरीश सिंह, चंचल सिंह ने गांव के गगन सिंह बोरा (36) पुत्र गोपाल सिंह बोरा के साथ मारपीट शुरू कर दी। तीनों युवक गगन सिंह को लाठी डंडों से पीटते हुए अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि चारो लोग नशे में थे।
देर रात तक जब गगन सिंह घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां रेवती देवी सहित अन्य परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह सड़क किनारे बेहोशी की हालात में मिला। परिजन उसे घर ले गए और अगले दिन भी जब उसकी हालात में सुधार नहीं हुआ तो उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर आए, पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर अस्कोट पुलिस ने आरोपी युवकों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 302 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी युवक फरार हैं। अस्कोट के थानाध्यक्ष पीआर आगरी ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार मारपीट से पहले तीनों हंसी मजाक और नाच गाना कर रहे थे।
पीपली क्षेत्र में 33 दिन में दूसरी हत्या
पिथौरागढ़। पीपली क्षेत्र में 33 दिन में हुई दूसरी हत्या से लोग दहशत में हैं। 33 दिन पहले कनालीछीना विकासखंड के पीपली में मामूली कहासुनी में छोटे भाई ने बड़े भाई का कत्ल कर दिया था।
दिसंबर 2020 में पीपली क्षेत्र के धामी गांव निवासी बिशन सिंह के पुत्र चंद्र सिंह 28 वर्ष और उसके बड़े भाई गोपाल सिंह 31 वर्ष के बीच चाय बनाने के लिए कहासुनी शुरू हुई थी। इसी दौरान चंद्र सिंह ने अपने बड़े भाई गोपाल सिंह पर दरांती से हमला कर दिया था, जिसमें गोपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गगन का हत्यारोपी शोबन सिंह विभिन्न मामलों में पहले भी तीन बार जेल में बंद हो चुका है। आरोपी के विरुद्ध चरस तस्करी, दूसरी बार शराब तस्करी और तीसरी बार उत्तराखंड ग्रामीण बैंक पीपली में लूटपाट और मारपीट के आरोप हैं। मृतक गगन सिंह के पिता शोबन सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। वे अपने बड़े बेटे के बच्चों को पढ़ाने के लिए पिथौरागढ़ में रहते हैं। गगन की मां, पत्नी और दो बच्चे सुनखोली गांव में रहते हैं। गगन का एक बेटा नैतिक आठ साल का और दूसरा बेटा सूरज सात साल का है। गगन सिंह की मौत के बाद पत्नी सुमन, माता- पिता और भाई सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।