चौना गांव में नेपाली नागररेकों की तलाशी लेते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी के चौना गांव के पुराने पंचायत घर में तीन अज्ञात लोगों के नजर आने से गांव में दहशत फैल गई। तीनों के चीन के नागरिक होने की आशंका जताते हुए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। विदेशी नागरिक होने की सूचना पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। तीनों के नेपाली नागरिक होने की पुष्टि होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
शनिवार सुबह चौना गांव के पंचायत घर के खंडहर में ग्रामीणों को तीन संदिग्ध युवक नजर आए। तीनों के चीन के नागरिक होने और उनके कोरोना वायरस की चपेट में होने की आशंका से हड़कंप मच गया। प्रधान चंचल सिंह ने फोन से इसकी सूचना मुनस्यारी थाना पुलिस को दी। तीन अनजान विदेशी नागरिकों के गांव के पुराने खंडहर में मिलने की सूचना से पुलिस में भी खलबली मच गई। गुप्तचर एजेंसियां भी सक्रिय हो गई।
थानाध्यक्ष सुनील बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तीनों ने अपने नाम नमू तमांग, राम तमांग और बहादुर तमांग निवासी नेपाल बताया। तीनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले छह माह से भारत में हैं। कुछ दिन के लिए देहरादून गए थे। तीन दिन पहले मुनस्यारी के गांधीनगर गांव भी गए थे। तीनों ने बताया कि वह जंगल में पेड़ों से लकड़ी की गांठ निकालने का काम करते हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को मास्क दिए गए इसके बाद उन्हें मुनस्यारी लाया गया। सीएचसी मुनस्यारी में तीनों के स्वास्थ्य की जांच की गई जिसमें तीनों स्वस्थ मिले। पूछताछ के बाद तीनों नेपाली नागरिकों को छोड़ दिया गया।