पिथौरागढ़। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने त्रि स्तरीय पंचायत संगठन के आंदोलन को समर्थन दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कहा है कि एक राज्य एक चुनाव के फार्मूले को उत्तराखंड में लागू करते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सभी जिलों में एक साथ कराने चाहिए।
धामी ने कहा है कि 2019 में त्रि स्तरीय पंचायतें चुनी गई थीं। इसी दौरान कोविड काल शुरू हो गया जिस कारण दो साल तक पंचायतों की सामान्य बैठकें आयोजित नहीं की जा सकीं। कहा है कि सभी पंचायतें तब तब अपने-अपने क्षेत्र में कोविड महामारी से बचाव में लगी रहीं। उन्होंने कहा है कि उक्त दो वर्षों में त्रि स्तरीय पंचायतों का कार्य पूर्ण रूप से ठप रहा। पंचायत एक्ट के अनुसार अगर पंचायतों की बैठक नहीं हुई है तो उस कालखंड को पंचायतों के कुल कार्यकाल में जोड़कर नहीं देखा जा सकता है।
विधायक धामी ने कहा है कि 12 त्रि स्तरीय पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाए जाने से जनपद हरिद्वार की पंचायतों का चुनाव भी राज्य के पंचायत चुनावों के साथ कराए जाने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। कहा है कि पूर्व में भी राज्य की सभी पंचायतों का चुनाव एक साथ कराए जाने को प्रयास किया गया जो सफल नहीं हुआ। उन्होंने राज्य में पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने के लिए वर्ष 2001 में जारी अधिसूचना तथा झारखंड सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश को आधार बनाते हुए राज्य की 12 त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाए जाने के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेज पंचायतों का कार्यकाल दो साल बढ़ाए जाने का भी अनुरोध किया है।