उडियारीबैंड-थल एनएच पर लालमोड़ के पास ऐसे खोखली हो गई सड़क
- फोटो : अमर उजाला
उडियारीबैंड-थल एनएच पर बांस की घाड़ी से लाल मोड़ तक तीन किलोमीटर के दायरे में सड़क तीन स्थानों पर खोखली हो गई है। सड़क की दीवार टूटने और लगातार कटाव होने से गंभीर खतरा बना हुआ है। यह सड़क दो वर्ष पहले एनएच के अधीन सौंपी गई थी। तब लोगों को उम्मीद थी कि शायद सड़क की दशा सुधरेगी, लेकिन एनएच के अधीन जाने के बाद सड़क की हालत और ज्यादा खराब हो गई।
पिछली बारिश के मौसम में सड़क की दीवारें तीन जगह टूट गई थी। दीवारों की मरम्मत न होने के कारण जमीन लगातार कटने लगी और सड़क अंदर से खोखली हो गई है। यदि किसी वाहन चालक से थोड़ी भी असावधानी हो जाए तो बड़ी घटना घट सकती है। सड़क के किनारे लगाई गई बैरिकेडिंग भी भूकटाव के कारण मुख्य सड़क से काफी दूर पहुंच गई है। वाहन चालकों ने बताया कि इन तीनों स्थानों पर काफी सावधानी से वाहन चलाने पड़ते हैं। यदि किसी चालक का संतुलन बिगड़ा तो वाहन सीधे खाई में चला जाएगा। एनएच ने इन खतरनाक स्थानों पर कोई चेतावनी बोर्ड भी नहीं लगाया है।
इस मामले में एनएच के अवर अभियंता बीसी जोशी ने बताया कि तीनों स्थानों पर नए सिरे से दीवार लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दीवार लगाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। एक हफ्ते के भीतर सड़कों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। उडियारीबैंड से थल तक करीब 25 किलोमीटर में सड़क कई जगह खराब है। कई स्थानों पर हॉटमिक्स उखड़ गया है। सड़क के किनारे की झाड़ियों का कटान न होने से भी वाहन चलाने में दिक्कत आ रही है।