सानीखेत गांव में हो रहा भूस्खलन
- फोटो : अमर उजाला
इस तहसील का सानीखेत गांव भूस्खलन के कारण खतरे से घिर गया है। राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को गांव का दौरा करने के बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी, इसमें कहा गया है कि गांव के 12 परिवारों को शीघ्र शिफ्ट करना जरूरी है। पूरा गांव भूस्खलन की चपेट में आ गया है। प्रशासन ने गांव के लोगों से कहा है कि वह फिलहाल अपने मकानों को छोड़ दें।
बताया गया कि शनिवार रात हुई भारी बारिश के दौरान सानीखेत गांव के पास की जमीन दरकने लगी। भूस्खलन इतना ज्यादा था कि उसने गांव के निचले हिस्से को चपेट में लेना शुरू कर दिया। गांव के पास बहने वाले नाले का रुख पलट गया और वह लगातार जमीन को काटता जा रहा है। कई खेत भी भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं। गांव में 12 परिवार रहते हैं। भूस्खलन के कारण पूरे गांव में दहशत का माहौल है। रविवार को एसडीएम विवेक प्रकाश के निर्देश पर सानीखेत गांव पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि गांव के हर मकान के लिए खतरा हो गया है।
गांव में माधव राम, ललिता प्रसाद, मोहन राम, दरपान राम, सुंदर राम, शंकर लाल, राजन राम, दीवानी राम, बालकृष्ण, आनंद प्रकाश, गोपाल राम और द्रोपदी देवी के परिवार रहते हैं। इन परिवारों को फिलहाल अन्यत्र शिफ्ट होने को कह दिया गया है। प्रशासन ने गांव के खतरे में घिरे होने की बात तो कही है, लेकिन प्रभावित लोगों को कहां शिफ्ट किया जाएगा, इसका उल्लेख नहीं किया है। गांव के लोगों में प्रशासन के रवैये से भारी नाराजगी है।