पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन करते भागीचौरा के लोग
- फोटो : अमर उजाला
ननकुड़ी-चौंसाल पेयजल योजना से सप्लाई ठप होने से भागीचौरा कस्बे में पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को खाली बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि अब इलाके में पर्याप्त बारिश हो गई है, लेकिन जल संस्थान योजना में पानी चला पाने में नाकाम रहा है। 15 किलोमीटर लंबी यह पेयजल योजना मार्च से ठप है। लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि जल संस्थान कभी भी योजना की देखरेख नहीं करता।
भागीचौरा के सामाजिक कार्यकर्ता विवेक जोशी ने कहा कि गर्मियों के सीजन में तो किसी तरह लोगों ने पानी की व्यवस्था कर ली थी, लेकिन बारिश होते ही संकट ज्यादा गहरा गया है। अब जल संस्थान ने टैंकरों से पानी बांटना बंद कर दिया है। लोगों को रोज पानी के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ लगानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में योजना से पानी नहीं चला तो पिथौरागढ़ में जल संस्थान दफ्तर में ताले डाल दिए जाएंगे। उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने कहा कि योजना में पानी चलाने के लिए टीम भेजी जा रही है।