तहसील प्रशासन को ज्ञापन देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
तीपू बुग्याल में यारसागंबू खोजते समय किशोरी के साथ हुई घटना से यहां लोगों में भारी गुस्सा है। शुक्रवार को रं कल्याण संस्था के अध्यक्ष अशोक नबियाल के नेतृत्व में कई लोगों ने तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उधर, धारचूला और बलुवाकोट थाने की पुलिस मौके को रवाना हो गई है। लोगों का कहना है कि पीड़ित किशोरी सभी आरोपियों को पहचानती है। इसी कारण इनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट लिखाई गई है। इस बीच तीपू बुग्याल ने हुई इस घटना के बाद कई लोग यारसागंबू की खोजबीन का काम छोड़कर लौटने लगे हैं। बुग्याल में तनाव की स्थिति बनी है।
शुक्रवार को तहसील मुख्यालय में एसडीएम और तहसीलदार मौजूद नहीं थे। इस कारण लोगों ने ज्ञापन राजस्व निरीक्षक एमडी अवस्थी और पेशकार खीमानंद भट्ट को सौंपा। लोगों को बताया गया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 504, 506 और 145 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बलुवाकोट में थाना प्रभारी पूरन आगरी और धारचूला के उपनिरीक्षक रमेश बिष्ट के नेतृत्व में एक टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए बुग्यालों को रवाना हो गई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ बलात्कार के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए। ज्ञापन देने वालों में लीला बनग्याल, शकुंतला दताल, नारायण सिंह दरियाल, छोरी देवी, रमेश तितियाल, जीवन सिंह, महेंद्र बुदियाल आदि थे। इनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जाएं, ताकि अन्य लोग ऐसा करने का साहस न कर सकें।