फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: कड़कती बिजली, गरजते बादल और मूसलाधार बारिश के बीच वो दो घंटे...

Wed, 11 Jun 2025 11:00 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
मदकोट-मुनस्यारी सड़क पर फंसी पर्यटकों की कार। स्रोत : पुलिस विभाग।
विज्ञापन
पिथौरागढ़। सुनसान पहाड़ों पर रात के समय मूसलाधार बारिश, कड़कती बिजली और गरजते बादलों के बीच यदि कोई फंस जाए तो दिमाग में तरह-तरह के ख्याल आने लगते हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार रात लखनऊ के परिवार के साथ हुआ, जब उनकी कार घुप्प अंधेरे में तेज बारिश के बीच मदकोट-मुनस्यारी सड़क से उतरकर कीचड़ में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी जब कार नहीं निकली तो पर्यटकों ने मित्र पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को किसी तरह सड़क पर लाकर पर्यटकों को सुरक्षित मुनस्यारी पहुंचाया।
विज्ञापन


लखनऊ के अखिलेश दीक्षित परिवार के पांच अन्य सदस्यों के साथ मुनस्यारी घूमने के लिए पिथौरागढ़ पहुंचे। मंगलवार देर शाम सात बजे वह मुनस्यारी के लिए रवाना हुए। उनकी कार रात करीब नौ बजे पिथौरागढ़ से लगभग 115 किलोमीटर दूर मदकोट से थोड़ा आगे पहुंची थी। पूरे रास्ते तेज बारिश जारी रही। इसी बीच अखिलेश की कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर कीचड़ में फंस गई। शुरुआत में तो लगा कि कार आसानी से सड़क पर आ जाएगी लेकिन समय बीतने के साथ उनकी उम्मीदें टूटती रहीं और परिवार की चिंता बढ़ने लगी।
कार कीचड़ में इस हद तक फंस चुकी थी कि उसका निकलना उन्हें असंभव सा लगने लगा। खराब मौसम के बीच परिवार के सदस्यों के मन में तरह-तरह के ख्याल दौड़ने लगे। कई असफल प्रयासों के बाद अखिलेश ने पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क कर मदद मांगी।
विज्ञापन

मददगार बनकर पहुंची मित्र पुलिस
पर्यटक दो घंटे तक घनघोर अंधेरे में दहशत के बीच राहत का इंतजार करते रहे। इस बीच पुलिस की गाड़ी की रोशनी के रूप में उन्होंने उम्मीद की किरण देखी। उत्तराखंड की मित्र पुलिस मुनस्यारी के थानाध्यक्ष अनिल आर्या के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रमोद खैर और नरेंद्र कुटियाल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस बीच बारिश भी थम चुकी थी। इसके बाद सभी ने कार को निकालने का प्रयास किया और आखिर में इसमें सफलता हासिल की। इससे सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने परिवार को सुरक्षित करीब 22 किमी दूर मुनस्यारी तक पहुंचाया। यहां पहुंचने के बाद पूरे परिवार ने मित्र पुलिस का आभार जताया।
नहीं हो रहे सुधारीकरण के प्रयास
मदकोट और मुनस्यारी के बीच सड़क की बदहाली से आए दिन पर्यटकों के वाहन फंस रहे हैं। पर्यटकों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी सड़क सुधारीकरण के प्रयास नहीं हो रहे हैं।
कोट
मदकोट से दो किमी आगे पर्यटकों की कार सड़क से नीचे उतरकर कीचड़ में फंस गई थी। सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। खराब मौसम के कारण थोड़ी दिक्कत आई लेकिन फिर कार को निकाल लिया गया और पर्यटकों को सुरक्षित मुनस्यारी पहुंचा दिया गया। - अनिल आर्या, थानाध्यक्ष, मुनस्यारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें