पालिका कार्यालय के सामने धरना देते भदेलवाड़ा मोहल्ले के लोग
- फोटो : अमर उजाला
शहर के भदेलवाड़ा क्षेत्र के लोगों ने निकास नालियां और महिला शौचालय नहीं बनने के विरोध में पालिका कार्यालय परिसर में धरना दिया। आचार संहिता लगने से पूर्व मांग पूरी न होने पर घरों के पास से वाहनों की आवाजाही नहीं होने देने का एलान किया।
इन लोगों ने पालिका के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निकास नाली न होने से भदेलवाड़ा क्षेत्र के निचले हिस्से में रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस रहा है। इससे मकानों को क्षति पहुंचने की आशंका पैदा हो गई है। कई बार मामला उठाने के बाद भी निकास नालियों का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
इन लोगों ने कहा कि चंद्रभागा पुल के पास महिला शौचालय का निर्माण करने की मांग की अनदेखी की जा रही है। पालिका ने स्टीमेट पास होने की जानकारी दी थी, लेकिन शौचालय का निर्माण नहीं किया जा रहा है। कहा कि आचार संहिता लगने से पहले दोनों मसले हल नहीं हुए तो भदेलवाड़ा के लोग अपने मकानों के आगे सड़क जाम कर देंगे। धरने पर किशन चंद, मोहन सिंह कठायत, दीवन सिंह बिष्ट, गजेंद्र तिवारी, कैलाश सिंह कठायत, अशोक जोशी, लीला देवी भट्ट आदि बैठे।