पिथौरागढ़। आज से शारदीय नवरात्र शुरू होंगे। इस बार नवरात्र 10 दिन तक होंगे। पंडितों के अनुसार तीसरा नवरात्र दो दिन तक है। नवरात्र के लिए मंदिर सज गए हैं और लोगों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है।
दौला के पंडित शिरीष उपाध्याय ने बताया कि इस बार नवरात्र 10 दिन के होंगे। बताया कि पहले दिन मां शैलपुत्री का पूजन होगा। लोगों ने भी नवरात्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। माता के मंदिर सज गए हैं। लोगों ने माता की चौकी, मूर्तियां और पूजन सामग्री की खरीदारी कर ली है। सोमवार यानि आज पहले नवरात्र को पांच अनाजों को मिलाकर हरेला बोया जाएगा। हरेले को माता के मंदिर में उगने के लिए रखा जाएगा। अंतिम नवरात्र को हरेले से माता की पूजा होगी। घर की बुजुर्ग महिलाएं इसी हरेले से परिजनों का सिर पूजन कर उनकी मंगल कामना करेंगीं। जिले भर में नवरात्र को लेकर उत्साह है। रविवार को लोगों ने स्थानीय बाजारों में पहुंचकर पूजन सामग्री की खरीदारी की। ऐसे में बाजारों में अवकाश के बाद भी रौनक रही। संवाद
सुबह छह बजे घट स्थापना का है मुहूर्त
नवरात्र में कलश स्थापना करना बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे घट स्थापना भी कहते हैं और यह नौ दिनों की पूजा का सबसे पहला और मुख्य चरण होता है। वास्तुशास्त्री और अंक ज्योतिष पंकज कलखुड़िया ने बताया कि घट स्थापना का मुहूर्त सुबह 6:09 से लेकर सुबह 8:06 बजे तक होगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:50 से लेकर दोपहर 12: 38 बजे तक रहेगा।