पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में खेले जा रहे ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट में उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ ने मुंबई कस्टम की टीम को 1-0 से शिकस्त दी। दूसरे मैच में आरसीएफ कपूरथला ने ओएनजीसी मुंबई की टीम को 1-0 से हराया। दूसरे दिन दोनों मैचों में 7 खिलाड़ियों को पीले कार्ड दिखाए गए।
सोमवार को प्रतियोगिता का पहला मुकाबला उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ और मुंबई कस्टम के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। पिथौरागढ़ की टीम ने मुंबई कस्टम पर लगातार दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हुई।
दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए। 30वें मिनट में उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ के अशोक सिंह कालाकोटी ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। मुंबई कस्टम की टीम गोल उतारने में कामयाब नहीं हो पाई। उत्तराखं डस्टॉर्म चेजर्स पिथौरागढ़ की टीम में अधिकतर खिलाड़ी उत्तराखंड पुलिस के हैं। मुख्य निर्णायक मनीष वशिष्ठ, सहायक निर्णायक प्रीतिमय दारा, मिजानुर रहमान थे। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गोपाल दत्त ओझा, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर जीत सिंह ज्याला थे।
दूसरा मैच आरसीएफ कपूरथला, ओएनजीसी मुंबई के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पहला हाफ गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए पूरी ताकत झौंक दी। दूसरे हाफ के 41वें मिनट में ओएनजीसी के खिलाड़ी ने पेनाल्टी एरिया में आरसीएफ कपूरथला के खिलाड़ी को बाधा पहुंचाई। निर्णायक ने आरसीएफ कपूरथला के पक्ष में पेनाल्टी किक दे दी। आरसीएफ कपूरथला के गोलकीपर मुखविंदरजीत सिंह ने पेनाल्टी को गोल में बदल दिया। इस मुकाबले में आरसीएफ कपूरथला के गोलकीपर मुखविंदरजीत सिंह, ओएनजीसी मुंबई के गोलकीपर सेल्डन राघवन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कई गोल होने से रोके।
मुख्य निर्णायक सिवांतो काहार, सहायक निर्णायक रंजीत, रोहित थे। भारतीय फुटबाल प्राधिकरण की ओर से नियुक्त मैच कमिश्नर केके रक्षित मैचों की निगरानी कर रहे हैं। आंखों देखा हाल देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सुनाया। दूसरे मैच के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मयूख महर, विशिष्ट अतिथि सभासद त्रिलोक महर थे। जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र लुंठी आदि थे। टूर्नामेंट के चलते देवसिंह खेल मैदान की रौनक देखते ही बन रही है।
पिथौरागढ़। मुंबई ओएनजीसी की ओर से खेल रहे गोलकीपर सेल्डन राघवन ने बेहतरीन खेल से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी है। खुद सेल्डन पिथौरागढ़ में फुटबाल के क्रेज और पिथौरागढ़ की खेलप्रेमी जनता के कायल हो गए हैं। मुंबई फुटबाल क्लब के लिए अंडर 19 खेल चुके सेल्डन यूनियन बैंक मुंबई के लिए भी खेल चुके हैं। पिछले दो साल से मुंबई ओएनजीसी से जुड़े सेल्डन पिथौरागढ़ में फुटबाल का ऐसा क्रेज देखकर हैरत हैं।
पिथौरागढ़ की खूबसूरत वादी और खेलप्रमियों से प्रभावित सेल्डन कहते हैं कि उत्तराखंड के सुदूर पर्वतीय अंचल में फुटबाल को लेकर ऐसी दीवानगी होगी, इसका अंदाजा उनको नहीं था। पहली बार पिथौरागढ़ आए सेल्डन कहते हैं कि स्थानीय स्तर पर फुटबाल का स्तर अच्छा है, इसे और बेहतर बनाने के लिए खेल मैदान में सुविधाएं बढ़ानी होंगी। अच्छे स्तर के कोच यहां के फुटबाल को नई ऊंचाई दे सकते हैं। बेहतरीन गोलकीपर सेल्डन स्थानीय लोगों के व्यवहार से भी प्रभावित हैं। कहते हैं कि टूर्नामेंट के आने वाले मैच और रोमांचक होंगे। यह टूर्नामेंट उन्हें हमेशा याद रहेगा।पहला मैच गढ़वाल हीरोज दिल्ली और बीएसएफ जालंधर दोपहर 1:30 बजे से
दूसरा मैच पंजाब पुलिस और यूनियन बैंक मुंबई शाम 3 बजे से