मदकोट बाजार में सोमवार रात चोरों ने एक साथ पांच घरों के ताले तोड़कर सामान चुरा लिया। सभी परिवार इस समय गर्मियों की छुट्टियों में अपने मूल गांवों को गए हैं। यहां किराए के मकान में रहने वाले जोशा के प्रधान बसंत कुमार और इंटर में पढ़ने वाली छात्रा गंगोत्री तोमक्याल के कमरे से भी काफी सामान चोरी हुआ है। अन्य लोगों का कितना सामान चोरी हुआ है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। चोरी की सूचना मिलते ही सभी लोग मदकोट आ रहे हैं। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मुनस्यारी के थाना प्रभारी रोहतास सागर मंगलवार सुबह यहां पहुंचे। उन्होंने पड़ताल शुरू कर दी है।
तोमिक निवासी गंगा सिंह तोमक्याल, प्रेम सिंह तोमक्याल, रमेश सिंह ने मदकोट बाजार में मकान बनाए हैं। यह लोग बच्चों को पढ़ाने के लिए इन मकानों में रहते हैं और छुट्टी में बच्चों समेत अपने गांव को चले जाते हैं। सोमवार रात चोरों ने मौका देखकर गंगा सिंह, प्रेम सिंह और रमेश सिंह के मकानों के ताले तोड़ दिए। इन मकानों के पास ही किराए में रहने वाले जोशा के प्रधान बसंत कुमार और इंटर की छात्रा गंगोत्री के कमरे का ताला भी तोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि यह चोरी स्थानीय अपराधियों द्वारा ही की जा सकती है, क्योंकि मकानों में ताला पड़ा होने और उनमें रहने वालों के मूल गांवों को चले जाने की जानकरी रखने वालों ने ही ऐसा किया होगा। पुलिस का कहना है कि अपराधी जल्दी पकड़ में आ जाएंगे।