बलुवाकोट के रौंझाड़ गांव नशा मुक्ति अभियान चलाते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
बलुवाकोट ग्राम पंचायत के रौंझाड़ गांव के लोगों ने गांव को शराब मुक्त करने के लिए अभियान छेड़ दिया है। गांव में चलाए गए अभियान के दौरान तय हुआ कि गांव में जो भी व्यक्ति शराब पियेगा, पिलाएगा, बेचेगा अथवा खरीदेगा, उस पर जुर्माना लगाया जाएगा। फिर भी लोग नहीं सुधरे तो उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। रौंझाड़ गांव में 48 परिवार रहते हैं।
युवा संघर्ष समिति और स्वान केंद्र प्रभारी इंजीनियर हेम चंद्र भट्ट के नेतृत्व में रौंझाड़ गांव में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। शुक्रवार को गांव के सभी लोगों ने गांव में एकत्र होकर शराब बंदी पर विचार-विमर्श किया। गांव के लोगों ने एक स्वर से कहा कि शराब लोगों को खोखला कर रही है। युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। शराब का त्याग करने से ही सामाजिक सुधार होगा।
अभियान में शामिल महिलाओं ने कहा कि शराब के कारण जहां अशांति का माहौल पैदा होता है, वहीं युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। गांव में शराब नहीं पीने दिया जाएगा। तय हुआ कि अगली बैठक में जुर्माने की राशि तय की जाएगी। बैठक के बाद यह लोग पूरे गांव में घूमे और लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। अभियान में जिला पंचायत सदस्य जीवन ठाकुर, क्षेत्र पंचायत सदस्य पदम राज जोशी, युवा संघर्ष समिति के महासचिव दौलत ऐरी, सचिव किशोर भाट, कोषाध्यक्ष जगमोहन भट्ट, रामी राम, कलावती देवी, सरस्वती देवी, हंसा देवी, तुलसी देवी, पार्वती देवी, भागीरथी देवी समेत तमाम लोग मौजूद थे
जिपं सदस्य ने गांव के लोगों को बांटी मिठाई
बलुवाकोट। रौंझाड़ गांव के लोगों के नशा मुक्ति के संकल्प से प्रभावित होकर जिला पंचायत सदस्य जीवन ठाकुर ने गांव के लोगों को मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य गांवों में भी शराब मुक्त अभियान चलाया जाएगा।