पिथौरागढ़। जिले के पर्यटन स्थलों को जिला योजना से विशेष योजनाओं के लिए बजट नहीं मिलने पर इस बार इन क्षेत्रों के जिला पंचायत सदस्य जिला पर्यटन कार्यालय के आगे धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां पर्यटक नहीं आते हैं वहां भारी भरकम बजट दिया जा रहा है और जहां पर्यटक आते हैं वहां केवल रस्म अदायगी की जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने जिलाधिकारी को इमेल के माध्यम से भेजे पत्र में कहा कि बीते वर्ष भी जिले के पर्यटक स्थलों के साथ इस तरह का अन्याय किया गया था। उन्होंने आशंका जताई कि इस बार भी जिला योजना के लिए पर्यटन विभाग द्वारा जो प्रस्ताव भेजे गए है, उन प्रस्तावों में फिर खेल होने का डर है।
उन्होंने कहा कि जिले के पाताल भुवनेश्वर, चौकड़ी, मुनस्यारी, धारचूला के पर्यटक स्थलों में प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। जिला योजना के लिए पर्यटन विभाग की ओर से जाने वाले प्रस्तावों में इन क्षेत्रों के पर्यटक स्थलों के विकास तथा पर्यटकों को सुविधाएं दिए जाने की योजनाओं को स्थान दिया जाना चाहिए। अगर इन जनपदों के पर्यटक स्थलों की योजनाओं को जिला योजना में नहीं रखा गया तो इस क्षेत्र के समस्त जिला पंचायत सदस्य जिला योजना फाइनल होने के बाद इसका अध्ययन करने के पश्चात जिला पर्यटन कार्यकाल के आगे प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
एसटी, एससी की उपेक्षा पर दायर होगी याचिका
पिथौरागढ़। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने कहा कि जिला योजना में अनुसूचित जाति तथा जनजाति के लिए शासन से तय आरक्षण के अनुसार बजट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी से 25 जून की जिला पंचायत की बैठक में बीते चार वर्षों में जारी बजट पर आरक्षण की स्थिति की जानकारी मांगी गई है। उन्होंने कहा कि इस बार की जिला योजना का भी अध्ययन किया जाएगा, उसके बाद उच्च न्यायालय में इस मनमानी के खिलाफ जनहित याचिका दायर की जाएगी।