मुवानी (पिथौरागढ़)। कांडा, चिटगालगांव, साना, भाटीगांव, तड़खेत, कन्यूरी, गोबराड़ी के ग्रामीणों ने क्लस्टर विद्यालय योजना का विरोध करते हुए सीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने सौगांव हाईस्कूल को क्लस्टर विद्यालय में समायोजित करने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने ज्ञापन में कहा है कि क्लस्टर विद्यालय योजना के तहत सौगांव हाईस्कूल को बंद करने की तैयारी है। इस विद्यालय को मरसोली विद्यालय में समायोजित किया जा रहा है। स्थानीय स्कूल के बंद होने पर क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बदहाल रास्तों पर 30 किलोमीटर का पैदल सफर करना होगा।
करोड़ों रुपये से बना भवन भी वीरान और बदहाल हो जाएगा। चेतावनी देते हुए कहा यदि स्थानीय विद्यालय को बंद किया गया तो वह अपने बच्चों के साथ आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन भेजने वालों में पीटीए अध्यक्ष सुरेश राम, राजेंद्र प्रसाद, कुंदन सिंह, हिमांशु राठौर, भूपाल सिंह, पूरन राम, प्रेम सिंह, चंदन सिंह, दुर्गा सिंह, शंकर सिंह आदि शामिल रहे। संवाद