फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी अभिलेखों के साथ भर्ती होने आया बागपत का युवक पकड़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। अग्निवीर सेना भर्ती में फर्जी दस्तावेज लेकर पहुंचे एक और युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बार उत्तर प्रदेश के बागपत का युवक पकड़ा गया है। उसने कम ऊंचाई वाले मानकों का लाभ लेने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाए थे। उसके पास तीन आधार कार्ड बरामद हुए हैं जिसमें सभी के नंबर अलग-अलग थे लेकिन एक ही युवक की फोटो लगी थी। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल के मैदान में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती में सेना के जवान अभिलेखों की जांच कर रहे थे। एक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र में छपे बार कोड को जब कंप्यूटर पर चेक किया गया तो उसमें किसी अन्य व्यक्ति का विवरण आया। मामला संदिग्ध लगने पर जवानों ने भर्ती ड्यूटी में तैनात पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पिथौरागढ़ कोतवाली के एसआई मनोज कुमार ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम सचिन कुशवाहा (19) निवासी ग्राम सरोरा थाना दोघाट तहसील बड़ौत जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) बताया। एसएचओ मंगल सिंह उसके दस्तावेजों को चेक किया तो उनमें कई खामियां मिली। पुलिस ने धारा 465/467/468/471 में मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि सेना भर्ती में फर्जी प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

सेना के प्रवेश पत्र में अंकित कुमार नाम दर्ज था
पिथौरागढ़। पुलिस ने फर्जी अभिलेखों के साथ सेना में भर्ती होने आए सचिन कुशवाहा के अभिलेखों को चेक किया तो पता चला कि अग्निवीर सेना भर्ती के प्रवेश पत्र में उसका नाम अंकित कुमार पुत्र ओम सिंह निवासी काणाधार कनालीछीना दर्ज था।
प्रवेश पत्र में भर्ती के लिए प्रयोग किए गए हाईस्कूल के प्रमाणपत्र में उसका पता हरिद्वार और नाम अंकित था। सचिन के पास दो स्थायी निवास प्रमाण पत्र थे जिसमें अंकित कुमार पुत्र ओम सिंह के नाम से अलग-अलग पते थे। उसने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत का रहने वाला है। उसकी ऊंचाई कम है। पर्वतीय क्षेत्रों के प्रमाण पत्रों में ऊंचाई में छूट का लाभ लेने के लिए उसने फर्जी दस्तावेज बनाए। सेना भर्ती में शामिल होने के लिए उसने प्रवेश पत्र ऑनलाइन प्राप्त किया है।
पूर्व में फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया है युवक
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती में फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े जाने का यह दूसरा मामला है। तीन दिन पहले भी फर्जी दस्तावेज बनाकर सेना भर्ती में शामिल होने वाले मुनस्यारी तहसील के दीपक को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2018 में फर्जी दस्तावेजों के साथ भर्ती होने आए चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें