खुमती गांव में महिलाओं ने शराब के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। बाजार से शराब लाकर गांव में अवैध रूप से बेचने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर माहौल खराब पीने वालों को महिलाओं ने सबक सिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम गांव में आकर शराब पी रहे तीन लोगों के हाथ से महिलाओं ने बोतलें छीनकर जमीन पर उड़ेल दिया।
इससे पहले ग्राम पंचायत, महिला मंगल दल और युवक मंगल दल की बैठक हुई। तय किया गया कि गांव में अब शराब पीने वालों और शराब बेचने वालों को दंडित किया जाएगा। ग्राम प्रधान विमला देवी ने कहा कि यदि महिलाओं के साथ इस अभियान के दौरान किसी प्रकार की अभद्रता की गई तो सीधे पुलिस में मुकदमा दर्ज कर दिया जाएगा। नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष चंचल सिंह दानू और महिला मंगल दल अध्यक्ष धाना देवी ने कहा कि गांव के हित में सभी को सहयोग करना चाहिए। संचालन गोपाल सिंह ने किया। बैठक संपन्न होने के बाद शाम को महिलाओं ने गांव में घूमकर शराबियों को सबक सिखाया।