पिथौरागढ़/बंगापानी/डीडीहाट/बेड़ीनाग/गणाईगंगोली। जिले में कोरोना संक्रमण के चलते जारी साप्ताहिक कर्फ्यू का व्यापक असर दिखाई दिया। अधिकांश मेडिकल स्टोर दिन भर बंद रहे लेकिन बार और शराब के ठेके पूरे दिन खुले रहे।
रविवार को जिला मुख्यालय में पूर्ण कर्फ्यू का पूरी तरह लोगों ने पालन किया। सड़कों पर सुबह से ही सन्नाटा छाया रहा। कुछ स्थानों पर सुबह के समय दूध, सब्जी की दुकानें खुली रहीं। जहां से लोगों ने घरों के लिए दूध और सब्जी खरीदी। मगर अन्य जरूरी सामान की दुकानें बंद रहीं। नगर के सिमलगैर बाजार, पालिका चौराहे, सिल्थाम तिराहे, टनकपुर स्टैंड, रोडवेज स्टेशन, पुराना बाजार, नया बाजार, केएमओयू स्टेशन, सिनेमालाइन, टकाना, लिंक रोड की सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही।
सुबह कुछ लोग सैर सपाटे से लौटते नजर आए। खेल मैदानों में भी कर्फ्यू का असर दिखाई दिया। बंगापानी तहसील में कर्फ्यू के दौरान सभी दुकानें बंद रहीं। मगर लोगों ने मास्क पहनने की जहमत नहीं उठाई। न ही सामाजिक दूरी का पालन किया। डीडीहाट में तहसील प्रशासन ने बाजार में घूमकर सख्ती ने नियमों का पालन कराया। बेड़ीनाग में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। पूरे दिन भर सड़कें सूनी रहीं। गणाईगंगोली में पूरी तरह लोगों ने कर्फ्यू का पालन किया। इधर शहर पिथौरागढ़ शहर में पूर्ण कर्फ्यू के बाद भी शराब की दुकानों में पूर्ण चहल-पहल रही। लोग अपने लिए खरीदारी करते नजर आए। यही हाल बारों का भी रहा। जहां पर लोग की आवाजाही दिन भर रही। जबकि नगर में दवा की दुकानें पूरी तरह बंद रहीं।
टकाना और केएमओयू में रही भीड़
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में जारी पूर्ण कर्फ्यू के बाद भी टकाना और केएमओयू स्टेशन में लोगों की भीड़ रही। टकाना में यूपी, बिहारी समेत अन्य राज्यों के दिहाड़ी मजदूर की भीड़ काम की तलाश में यहां पर एकत्र हुए। करीब एक घंटे से अधिक समय तक यहां पर रहने के बाद ये लोग वापस चले गए। जबकि केएमओयू स्टेशन पर बिहारी मजदूरों के साथ ही स्थानीय लोगों की भीड़ रही।
मुनस्यारी में कर्फ्यू का हुआ उल्लंघन
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यटन नगर में कोरोना गाइड लाइन का खुला उल्लंघन हो रहा है। ज्यादातर लोग मास्क सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। रविवार पूर्ण कर्फ्यू के बाद दुकानें तो बंद रही, लेकिन लोग बिना मास्क के सड़कों पर दिखाई दिए। वाहनों की आवाजाही भी जारी रही। एसडीएम अभय प्रताप ने बताया कि पुलिस और राजस्व पुलिस को कर्फ्यू के दौरान कोरोना गाइड लाइनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं। समाजसेवी राम धर्मशक्तू ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से कोविड जांच में तेजी लाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटने की अपील की है। (संवाद)
महाकाली मंदिर रहा बंद
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट के प्रसिद्ध महाकाली मंदिर को कोरोना संक्रमण के चलते श्रद्धालुओं के लिए बंद रहा। रविवार को मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रही। इस कारण मंदिर में पूजा पाठ नहीं हुई। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र रावल ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश से जारी एसओपी की बाद मंदिर को प्रत्येक रविवार बंद करने का निर्णय लिया गया है। (संवाद)
धारचूला में पालिका ने किया सैनिटाइजेशन
धारचूला(पिथौरागढ़)। सीमांत के कोरोना संक्रमण के चलते पालिका ने नगर क्षेत्र में सैनिटाइजेशन का कार्य किया। रविवार को पूर्ण कर्फ्यू के बाद नगर में वाहनों की आवाजाही ठप रही। पालिकाध्यक्ष राजेश्वरी देवी ने लोगों से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है। इधर लोगों ने शादियों का सजीन देखते हुए नगर के बारात घरों, मिलन केंद्रों को सैनिटाइज करने की अपील की है। जौलजीबी बाजार भी पूरी तरह से बंद रहा। व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू का कहना है कि कोरोना को हराने में व्यापार मंडल प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा। इस अवसर पर गजेंद्र पतियाल, राजेंद्र पांगती, भुवन चंद, भूपाल चंद,जाहिद हुसैन, संजीव दास, अरविंद सामंत, नारायण चंद, विनोद चंद, विक्रम चंद, दिनेश चंद, मनोज वर्मा, दिनेश वर्मा, उत्तम पाल, शंकर वर्मा, राहुल जंगपांगी, मोहन चंद आदि मौजूद रहे। (संवाद)
पिथौरागढ़ केएमओयू स्टेशन में पसरा सन्नाटा।- फोटो : PITHORAGARH