पिथौरागढ़। देहरादून रूट पर संचालित विमान को मौसम का साथ मिला लेकिन हल्द्वानी और अल्मोड़ा रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर सेवा ठप रही। मौसम का साथ मिलने पर नैनीसैनी एयरपोर्ट पर खड़ा विमान यात्रियों को लेकर दूसरे दिन दून लौटा।
देहरादून से 20 से अधिक यात्रियों को लेकर विमान बीते मंगलवार सुबह नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचा। इस बीच दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई जिस कारण विमान यहां से दून के लिए उड़ान नहीं भर सका। दोपहर बाद देहरादून के लिए रोडवेज बस का संचालन न होने से यात्रियों को घर और होटलों में लौटना पड़ा। बुधवार सुबह भी बारिश ने यात्रियों की धड़कनें बढ़ाईं। हालांकि दोपहर बाद मौसम का साथ मिलने पर विमान ने यात्रियों को लेकर दून के लिए उड़ान भरी। विमान सेवा संचालित होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इधर, हल्द्वानी और अल्मोड़ा रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर सेवा मौसम में खराबी के चलते ठप रही। बुकिंग कैंसिल होने से यात्रियों को रोडवेज बस और टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। नैनीसैनी एयरपोर्ट के मैनेजर सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि मौसम में खराबी के चलते हवाई सेवा प्रभावित हो रही हैं। मौसम ठीक होने पर सभी सेवाएं नियमित संचालित होंगी।
मौसम बन रहा हवाई सेवा में बाधक
सीमांत जिले में खराब मौसम हवाई सेवा के लिए बाधक बन रहा है। बारिश के कारण आए दिन विमान और हेलिकॉप्टर सेवा बाधित हो रही हैं जिसकी मार यात्री सह रहे हैं। बीते एक सप्ताह में विमान सेवा दो तो हेलिकॉप्टर सेवा तीन दिन स्थगित रही। ऐसे में हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पंतनगर और देहरादून के यात्रियों को दिक्कतों का सामना करते हुए रोडवेज बस और टैक्सी से सफर करना पड़ा।