पिथौरागढ़। सीमांत जिले में बृहस्पतिवार को मौसम का साथ मिला तो लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम खुलने से दिल्ली और देहरादून से विमान पहुंचा और हेलिकॉप्टर ने भी उड़ान भरी। 100 से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया।
मौसम में खराबी के चलते दिल्ली और देहरादून रूट पर संचालित विमान जबकि हल्द्वानी व अल्मोड़ा रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर सेवा आए दिन बाधित हो रही है। बीते बुधवार को भी हेलिकॉप्टर सेवा ठप रही जबकि विमान दूसरे दिन देहरादून लौट सका था। बृहस्पतिवार को मौसम खुलने से सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं। दिल्ली और देहरादून से 50 से अधिक यात्रियों को लेकर विमान नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचे।
पिथौरागढ़ से 40 से अधिक यात्रियों ने दिल्ली और देहरादून का सफर विमान से किया। इसके अलावा हल्द्वानी और अल्मोड़ा रूट पर हेलिकॉप्टर का संचालन होने से 15 से अधिक यात्रियों का सफर आसान हुआ। एयरपोर्ट मैनेजर सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि मौसम का साथ मिलने पर सभी हवाई सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हुईं।