पिथौरागढ़/धारचूला/मुनस्यारी। सीमांत जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जहां एक ओर ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है वहीं निचले इलाकों में हुई रिमझिम बारिश ने लोगों को गर्मी और धूल से बड़ी राहत दी है। इस बारिश ने न केवल फसलों को नई संजीवनी दी है बल्कि वनों में धधक रही आग को शांत कर वन विभाग के लिए भी बड़ी राहत की खबर लाई है।
जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुबह धूप खिली लेकिन नौ बजे बाद आसमान बादलों से घिर गया। दोपहर बाद रिमझिम बारिश हुई जिससे ठंड बढ़ गई।
इसके कुछ देर मौसम साफ हो गया और हल्की धूप खिल आई लेकिन कुछ देर बाद फिर से हल्की बारिश शुरू हो गई और थोड़ी देर बाद थम गई। बारिश से वनों में लगी आग भी बुझ गई है। इससे विभाग ने राहत की सांस ली है।
धारचूला के दारमा घाटी में सीजन की चौथी और व्यास में तीसरी बार बर्फबारी हुई। आदि कैलाश, गुंजी, गर्ब्यांग, ओम पर्वत आदि जगहों पर हल्का हिमपात हुआ। दारमा के पंचाचूली, दांतू, नागलिंग समेत मुनस्यारी के हंसलिंग, राजरंभा, नाग्निधुरा चोटियों पर बर्फबारी हुई है। ऊपरी क्षेत्र में अभी भी बादल छाए हैं।
फसल, सब्जी के लिए बारिश बेहतर
जनवरी में बारिश और बर्फबारी के बाद फसलों को पानी नहीं मिला था। इससे फसल भी पीली पड़ने लग गई थी। बारिश को फसल और सब्जियों के लिए अच्छा बताया जा रहा है। बारिश से वातावरण में छाई धुंध हटने से लोगों ने राहत की सांस ली है।