पेयजल संकट से त्रस्त लोगों का धैर्य अब टूटने लगा है। डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में कई जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्यादा संकटग्रस्त इलाकों में खच्चरों से पानी की सप्लाई करने की मांग की।
चुफाल ने डीएम को बताया कि लगभग सभी ग्रामीण अंचलों में पानी के स्रोत सूख गए हैं। नदियों और नालों में भी पानी नहीं है। उन्होंने कहा कि जल संस्थान की जिन योजनाओं को मरम्मत की जरूरत है, उनमें तत्काल मरम्मत कराई जाए और वितरण व्यवस्था को सामान्य किया जाए। विधायक ने कई इलाकों का दौरा करने के बाद बताया कि सभी जगह लोग पानी की परेशानी से जूझ रहे हैं। डीएम से मिलने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता जगजीवन कन्याल, वीरेंद्र बोहरा समेत ग्राम प्रधान और बीडीसी मेंबर थे।
देवलथल में लोगों ने किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़। देवलथल कस्बे में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने प्रदर्शन किया। कहा कि आसपास के सारे स्रोत सूख गए हैं। लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल संस्थान की योजनाएं गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई कर पाने की स्थिति में नहीं है। जब जल संस्थान गर्मियों में लोगों को पानी उपलब्ध नहीं करा पाता तो इस विभाग का औचित्य क्या रह जाता है। उन्होंने पानी के वितरण के लिए यहां पर तत्काल टैंकर की व्यवस्था करने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि यदि समस्या का जल्दी समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रदर्शन में सुरेंद्र बसेड़ा, गोकुल कुमार, हरेंद्र बसेड़ा, धर्मेंद्र बसेड़ा, डुंगर राम आर्या आदि थे।
डीडीहाट में अब दो दिन छोड़कर मिलेगा पानी
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट में पेयजल संकट की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब जल संस्थान ने दो दिन छोड़कर पेयजल वितरण का फैसला लिया है। नगर के लिए जिन नौ प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाया जा रहा था, उनमें से पांच स्रोत पूरी तरह सूख गए हैं। अब जल संस्थान दो दिनों तक टंकी में पानी एकत्र करेगा, उसके बाद थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पूरे नगर में वितरित करेगा। जल संस्थान ने टैंकर और पिकअप वाहन से पानी वितरण शुरू कर दिया है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने कहा कि स्थिति गंभीर है, लेकिन इसे सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।