विवाह कार्यक्रम के दौरान शराब के विरोध में शपथ लेते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नगर के न्यू सेरा मोहल्ले में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में महिलाओं और अन्य लोगों ने शराब के खिलाफ आवाज उठा दी। अक्सर वैवाहिक कार्यक्रमों में शराब का प्रचलन बढ़ जाता है। महिलाएं हाथों पर तख्तियां लेकर विवाह मंडप के सामने आ गई और लोगों से अपील की कि शराब का प्रयोग न करें। न्यू सेरा मोहल्ले में कवयित्री डा. आनंदी जोशी और मथुरादत्त जोशी के बेटे चंद्रशेखर का विवाह उदिता के साथ हुआ। यह बात अलग है कि बारात में शराब पीकर कोई नहीं पहुंचा था।
शंखनाद जनचेतना मंच के निदेशक ललित शौर्य ने कहा कि पहाड़ पर विवाह या अन्य मांगलिक कार्यों के समय शराब का का चलन बढ़ रहा है। कभी कभार ऐसे कार्यक्रमों में शराब के कारण मारपीट की घटनाएं भी हो जाती हैं। कहा गया कि यदि महिलाएं शराब के खिलाफ एकजुट हो जाएं तो यह बुराई जड़ से समाप्त हो जाएगी। विवाह कार्यक्रम में पहुंचे समाजसेवी डा. तारा सिंह ने कहा कि सरकार ने ही शराब को बढ़ावा दिया है।
पहाड़ के दूरस्थ इलाकों पर सरकारी अनुबंध वाली दुकानें खोली जा रही हैं। महिलाओं से अपील की कि यदि विवाह कार्यक्रम में कोई शराब पीकर आता है तो उसे खदेड़ कर बाहर कर दें। इस दौरान गीता जोशी, ज्योत्सना, दुर्गादत्त जोशी, बसंती, विद्या जोशी, रेखा, निशा जोशी, दयानंद जोशी, गिरीश जोशी, गरिमा राठौर, भावना धामी, पूजा सती आदि मौजूद थीं।