पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से आइस संस्था ने यहां शिलारोहण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया है। 25 नवंबर तक चलने वाले एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र में कई कठिन पहाड़ियां हैं, इनमें चढ़ने के लिए युवाओं को गुर सिखाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिलारोहण प्रशिक्षण से एक ओर व्यक्तित्व का विकास होता है तो दूसरी ओर यह आपदा के समय भी उपयोग में आता है। उन्होंने कहा कि कठिन पहाड़ियों पर चढ़ना अपने आप में एक कला है। आइस संस्था के प्रशिक्षक युवाओं को सही ढंग से प्रशिक्षण देंगे।
आइस संस्था के बासु पांडे और सुरेंद्र पंवार ने बताया कि युवाओं को रॉक क्लाइबिंग की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उनको पहाड़ों में चढ़ने और उतरने का अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण में स्थानीय युवा भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है।