पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ का ऐतिहासिक तीन दिवसीय मोस्टामानू मेला शुरू हो गया है। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर भव्य कलश यात्रा निकाली। मेले में छलिया दल की प्रस्तुति मनमोहक रही। पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर ने मेले का शुभारंभ किया।
मयूख महर ने कहा कि मेले ही क्षेत्र की संस्कृति के वाहक होते हैं। इनके माध्यम से सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का अवसर मिलता है। मोस्टामानू के मेला क्षेत्र की विशेष पहचान रही है। मोस्टा देवता लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। इस मेले के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को मंच मिल रहा है। मेला संयोजक वीरेंद्र सिंह बोहरा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इनमें स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, इंद्र लुंठी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर, तिलक राज जोशी, मेला आयोजन समिति अध्यक्ष भगवान सिंह, चंदर सिंह, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन कै. दीवान सिंह वल्दिया, जनार्दन उप्रेती और ललित शौर्य कर रहे हैं।
इनसेट-
डीएम, एसपी ने किया मेला स्थल का निरीक्षण
मोस्टामानू मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए हैं। डीएम विनोद गोस्वामी और एसपी रेखा यादव ने मोस्टामानू पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसपी ने पुलिस बल को चंडाक से मोस्टामानू के बीच यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम खुशबू पांडे, तहसीलदार विजय गोस्वामी आदि अधिकारी मौजूद रहे।