वालीबाल में विजेता हाट की टीम ट्राफी के साथ
- फोटो : अमर उजाला
स्व. बलवंत सिंह जिमिवाल मेमोरियल चल वैजयंती वॉलीबाल प्रतियोगिता का बुधवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें एनवाईसी हाट ने गर्खा वॉलीबाल क्लब को बेहद रोमांचक मुकाबले में हराकर ट्राफी पर कब्जा किया।
ओगला के खेल मैदान में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर एमके शर्मा ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले की शुरुआत कराई। मैच का पहला सेट हाट ने 15-07 से जीता। मैच में वापसी करते हुए गर्खा ने दूसरा और तीसरा सेट 15-07, 15-12 से जीता। चौथे सेट में हाट ने वापसी की तथा 15-08 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबर पर ला दिया। पांचवें और निर्णायक सेट में हाट ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 15-07 से जीत दर्जकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हाट के बृजेश कफलिया को मैन आफ द मैच और गर्खा के मोहित ऐरी को मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। निर्णायक किशोर साह, विक्रम बिष्ट, कैलाश अवस्थी थे। नवयुवक मंगल दल के अध्यक्ष रंजीत जिमिवाल ने सभी का आभार जताया। समापन अवसर पर हिमांशु ओझा, हरेंद्र चुफाल, आन सिंह खोलिया, चंचल चौहान, सुनील साह, दान सिंह, गोविंद जिमिवाल, भूपेश टम्टा आदि मौजूद थे।