टनकपुर (चंपावत)। बनबसा क्षेत्र के तहत खटीमा वन रेंज से सटे कठुवापाती के वीरान गांव की प्रशासन ने अभिलेखों को खंगाल कर राजस्व भूमि की स्थिति स्पष्ट कर ली है। प्रशासन बताया कि राजस्व टीम इस पर कार्य कर रही थी। वर्ष 1921 के रिकॉर्ड और 1960 के बंदोबस्त के नक्शे में करीब 58 हेक्टेयर राजस्व भूमि है। जल्द सीमांकन कार्य होगा और अब भविष्य में उक्त राजस्व भूमि का उपयोग हो सकेगा। कठुवापाती में सिडकुल की मांग पूर्व में उठ चुकी है।
बता दें कि कठुवापाती गांव पिछले कुछ दशकों से सिडकुल के लिए प्रस्तावित होने के लिए चर्चा में रहा है। वीरान पड़े कठुवापाती की राजस्व भूमि को लेकर वन और राजस्व विभाग के अपने-अपने पक्ष सामने आ रहे थे। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि गांव की राजस्व भूमि को लेकर संशय खत्म हो गया है। राजस्व विभाग की ओर से कानूनगो किशन नाथ गोस्वामी, पटवारी सुनील कुमार, राकेश पंगरिया, ललित की टीम ने अभिलेखों को खंगाला। इसमें तहसील के पुराने रिकॉर्ड में वर्ष 1921 और बंदोबस्त 1960 के नक्शे आदि से भूमि की स्थिति भी स्पष्ट हो गई है। इसके लिए अब सीमांकन का कार्य किया जा रहा है। बताया कि कुमाऊं शिल्पकार उत्थान समिति की ओर से भी कठुवापाती में 250 पट्टे आवंटन की मांग की गई है। इधर, कठुवापाती में कई दशक से सिडकुल की स्थापना की मांग उठती रही है। वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने टनकपुर दौरे के समय कठुवापाती में सिडकुल बनाने की घोषणा की थी, यह गांव चारों ओर से घने जंगलों से घिरा रहने के कारण निर्जन हो गया है।