गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। गणाई में दूसरे दिन की रामलीला में ताड़िका वध, शुभाहू वध और सीता जन्म के दृश्यों का मंचन किया गया। विश्वामित्र ने राजा दशरथ से उनके दो पुत्र राम और लक्ष्मण को अपने साथ ले जाने का अनुरोध किया। राजा दशरथ उन्हें टाल न सके और दोनों भाई विश्वामित्र के साथ चले गए। यहां प्रभु श्री राम ने ताड़िका के साथ शुभाहू का वध किया। रामलीला में सीता माता का जन्म और गौरी पूजन जैसे मनमोहक दृश्यों का मंचन हुआ। वहीं जोकर तिवारी नाम से मशहूर हरीश तिवारी ने अपनी हास्य कला से सभी दर्शकों को हंसाने-गुदगुदाने का काम कर लीला में चार चांद लगाए। द्वितीय दिवस की लीला में राजकीय महाविद्यालय गणाई गंगोली की प्रवक्ता डॉ. दीप्ति बिष्ट मुख्य अतिथि और अंजली मेहता विशिष्ट अतिथि रहीं।