मुनस्यारी के रातापानी में बर्फबारी के कारण वाहन फस गया। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
शुक्रवार रात जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज अंधड़ चला। पांखू के दंतोला गांव में एक मकान की छत उड़ गई। मुनस्यारी के रातापानी से लेकर नई बस्ती तक हिमपात हुआ। इसके चलते सुबह पर्यटकों सहित कई स्थानीय वाहन फंस गए, जबकि पिथौरागढ़ सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज गरज और चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
पांखू के दंतोला गांव में शुक्रवार रात 10 बजे बारिश और अंधड़ के दौरान हीरा देवी के मकान की छत उड़ गई। उस समय हीरा देवी अपने चार बच्चों के साथ सोई थी। छत उड़ने से चीख पुकार मच गई। सभी लोग जान बचाकर बाहर भागे। छत उड़ने से घर में रखा सामान, अनाज और बर्तन क्षतिग्रस्त हो गए।
बेसहारा हीरा देवी ने बच्चों के साथ अपने पड़ोस रमेश राम के घर मे शरण ली है। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज कार्की ने घटना की जानकारी पट्टी पटवारी को दे दी है। भाजपा नेता दिनेश आर्या ने गरीब महिला को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। मौसम खराब होने से मुनस्यारी की बिजली भी रात भर गुल रही।
शुक्रवार शाम से शनिवार दोपहर तक हुई तेज आंधी और बारिश से नाचनी में रामगंगा का जल स्तर बढ़ गया। इस दौरान अस्थायी पुल के बहने की कगार पर पहुंच गया। पिथौरागढ़ में रात भर मूसलाधार बारिश हुई। सुबह भी तेज गरज के साथ बारिश हुई। सुबह नौ बजे आसमान साफ होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
थल में अंधड़ से उड़ी मकान की छत। संवाद- फोटो : PITHORAGARH