सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन करते लीमाटौड़ा के लोग
- फोटो : अमर उजाला
सांगड़ी-लीमाटौड़ा सड़क के निर्माण में बरती गई धांधली के खिलाफ बुधवार को क्षेत्र को लोगों ने डीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। 11 साल से निर्माणाधीन इस सड़क का अभी 30 फीसदी से ज्यादा काम शेष है, लेकिन विभाग ने पहले ही 83.24 लाख रुपए का भुगतान ले लिया है। सड़क नहीं बनने से लोगों को अब तक यातायात की सुविधा नहीं मिल पाई है। लोगों का कहना है कि सड़क के निर्माण में भारी हेराफेरी की गई है। आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी में भी इस तरह के खुलासे हुए हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क के शेष हिस्से को बनाने के लिए दस बार टेंडर लगाए गए, लेकिन ठेकेदारों ने मजदूर नहीं मिलने का बहाना बनाकर काम हाथ में नहीं लिया।
लीमाटौड़ा विकास संघर्ष समिति के चंद्रप्रकाश एवं उमारानी का कहना है कि पिछले दिनों इस समस्या को मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के सामने भी रखा गया। तब लोनिवि अस्कोट के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए थे कि शेष सड़क का प्रस्ताव फिर से तैयार किया जाए, लेकिन लोनिवि ने सड़क का प्रस्ताव ही नहीं बनाया। लोगों ने मांग की कि तत्काल सड़क का निर्माण कार्य पूरा किया जाए। प्रदर्शन में रमा मुरारी, रेखा देवी, उमा देवी, तुला राम, भूपेंद्र कुमार आदि शामिल थे। लोगों के आंदोलन को बसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार समेत उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया।
ऐंचोली-जाखपुरान सड़क पर हॉटमिक्स का काम शुरू
ऐंचोली-जाखपुरान सड़क पर हॉटमिक्स का काम शुरू हो गया है। विधायक मयूख महर ने जाख में मंत्रोचार के बीच भूमि पूजन कर हॉटमिक्स के काम की शुरुआत कराई। विधायक ने कहा कि 10 किमी सड़क के चौड़ीकरण और हॉटमिक्स के लिए शासन से 6.65 करोड़ की रकम स्वीकृत कराई गई है। हॉटमिक्स होने के बाद यातायात संचालन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने हॉटमिक्स का काम कर रही एमएंडसी कंपनी के ठेकेदार को हॉटमिक्स के काम में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है। कहा कि हॉटमिक्स के काम में गुणवत्ता खराब पाई गई तो दोबारा काम करना पड़ेगा। ग्राम प्रधान पुष्पा भट्ट ने हॉटमिक्स, सड़क चौड़ीकरण के लिए विधायक का आभार जताया। प्रकाश भट्ट के संचालन में हुई सभा में ज्येष्ठ प्रमुख हीरा सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य शिव सिंह, पंडित दिनेश भट्ट, प्रधान शिवराज बोहरा, शिव गिरी, कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र संयोजक तिलक जोशी, यूथ कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने विचार रखे।