गंगोलीहाट(पिथौरागढ़)। तहसील कार्यालय को जाने वाली सड़क बदहाल है। इससे सड़क पर हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग से एसडीएम और तहसीलदार के कार्यालय तक की 300 मीटर सड़क पर अनेकों जगह गड्ढे बने हुए हैं। ढलान वाली सड़क लगभग 40 मीटर धंस गई है। दर्जनों लोग रोज अपने कार्यों के लिए एसडीएम और तहसीलदार के ऑफिस जाते हैं। विकासखंड के सबसे बड़े प्रशासनिक अधिकारी के कार्यालय जाने वाले सड़क की हालत ऐसी है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति कैसी होगी। मामले में एसडीएम यशवीर सिंह रावत का कहना है कि तहसील कार्यालय के बगल में सिविल जज का न्यायालय बन रहा है। निर्माण सामग्री लेकर भारी वाहन सड़क से गुजरते हैं। इसके चलते सड़क खराब हुई है। निर्माण कार्य कर रहे लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार को सड़क ठीक करने के लिए पूर्व में पत्र भेजा गया था। सड़क ठीक नहीं होने पर दो दिन पहले उन्हें फिर से पत्र भेजा गया है।
कोट-दो माह के भीतर भवन बनाने का कार्य समाप्त हो जाएगा। इसके बाद सड़क ठीक की जाएगी।
संजय सिंह कनवाल, अवर अभियंता, लोनिवि, गंगोलीहाट