रोडवेज वर्कशाप-एसएसबी हेडक्वार्टर को जाने वाली सड़क पर एक लोडेड टिप्पर सड़क धंसने से 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक, परिचालक घायल हो गए। सड़क की खराब हालत को लेकर लोगों में रोष है। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा ने हादसे के लिए घटिया निर्माण कार्य को जिम्मेदार ठहराते हुए 6 जून से अनशन में बैठने की चेतावनी दी है।
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक टिप्पर रेता लेकर एसएसबी मुख्यालय को जा रहा था। शवदाह गृह के ऊपर सड़क धंसने से टिप्पर खाई में गिर गया। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा और स्थानीय लोगों ने टिप्पर चालक कुंडल सिंह निवासी बड़खेत सिमली और क्लीनर मुकेश कुमार निवासी भट्यूड़ा को खाई से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया।
तहसीलदार हरी राम, कोतवाली प्रभारी ध्यान सिंह ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सड़क की खराब हालत को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस सड़क पर एक महीने पहले पालिका ने सुधार कार्य किया था। घटिया निर्माण के कारण वाहन खाई में गिरा।