विद्युत संकट के खिलाफ झूलाघाट में प्रदर्शन करते उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट कस्बा, भारत और नेपाल के दर्जनों गांवों की विद्युत सप्लाई ठप होने पर लोगों का गुस्सा बढ़ने लगा है। शनिवार को उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे में सप्लाई सामान्य न हुई तो जिला मुख्यालय जाकर विद्युत विभाग के आफिस में तालाबंदी कर दी जाएगी। बताया गया कि गौरीहाट के पास लाइन में फाल्ट आने के कारण यह समस्या पैदा हुई है।
झूलाघाट सहित मजिरकांडा, भटेड़ी, खरक्यूड़ा, जमीरपानी, बनाड़ा, कानड़ी, बलतड़ी, गेठिगाड़ा एवं तालेश्वर के दर्जनों गांवों और नेपाल के बैतड़ी जिले को जोड़ने वाली विद्युत लाइन में गौरीहाट के पास 9 दिसंबर को सुबह 7 बजे फाल्ट आ गया। तब से विद्युत सप्लाई ठप हो गई थी। क्षेत्र के लोगों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को दी थी, लेकिन अब तक लाइनमैन ने लाइन चेक नहीं की है। शुक्रवार देर रात विधायक प्रतिनिधि संजीव जोशी और बाजार के लोग सहायक लाइनमैन को लेकर निजी वाहन से लाइन बनाने भी गए, लेकिन विद्युत विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।
बारातों का सीजन होने और पड़ोसी देश नेपाल के गांवों की विद्युत व्यवस्था ठप होने से झूलाघाट के लोग खासे नाराज हैं। प्रदर्शन करने वालों में विधायक प्रतिनिधि संजीव जोशी, ब्रजेश गड़कोटी, संजय कलखुड़िया, गोवर्धन, युद्धवीर राठौर, त्रिलोक भट्ट, दीपक थापा, प्रमोद चंद आदि मौजूद थे। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पवन सिंह ने बताया कि लाइन में फाल्ट आने की सूचना तो है। लाइन को गौरीहाट तक सही कर दिया है। लाइनमैन के काम पर न आने की जांच कराई जाएगी।