उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने मुवानी के विकास के लिए कई घोषणाएं की हैं। मुवानी भ्रमण के दौरान धामी ने डीडीहाट विधायक विशन सिंह चुफाल पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने धामी को 2017 विधानसभा चुनाव में डीडीहाट से चुनाव लड़ने का न्योता दिया। इस पर धामी ने बाबू जी (मुख्यमंत्री हरीश रावत) का आदेश जहां से होगा, वहां से चुनाव लडूंगा कहकर राजनीतिक हल्के में हलचल मचा दी है।
मुवानी बाजार में हुई सभा का संचालन करते हुए युवा कवि ललित मोहन राठौर ‘शौर्य’ ने धामी के सामने मांगपत्र पड़ा। धामी ने मुवानी डिग्री कालेज का भवन बनाने, पुस्तकालय की स्थापना करने, मुवानी से रैतोली तक सड़क बनाने, कमतोली में दो माह के अंदर शवदाह के लिए लकड़ी का टाल खोलने, मुवानी में स्टेडियम निर्माण समेत कई मांगों की घोषणा की। 6 अप्रैल को जिले के दौरे पर आ रहे सीएम से इन कार्यों को मंजूरी दिलाई जाएगी। विधायक प्रतिनिधि हीरा चिराल, ब्लाक प्रमुख प्रशांत भंडारी, जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार, कमलदीप सिंह बिष्ट, राम सिंह राठौर, डंबर बहादुर पाल, बसंत चौसाली, जगत मेहता, विजय चंद, जितेश खनका, पप्पू पुजारा, सोबन कार्की ने भी संबोधित किया।