बंगापानी (पिथौरागढ़)। पहाड़ पर हर छोटी-बड़ी सहूलियत के लिए कितना संघर्ष करना पड़ता है इसकी बानगी है ग्राम सभा दाखिम और सेलमाली क्षेत्र। इन क्षेत्रों के लोगों को अपने मोबाइल में सिग्नल के लिए अनशन करना पड़ा। तीन दिन के अनशन के बाद चौथे दिन ग्रामीणों को गांव में जल्द ही मोबाइल की घंटी बजने का लिखित आश्वासन मिला है। बीएसएनएल एक महीने के भीतर टावर चालू करेगा। ऐसे में ग्रामीणों को अब जल्द क्षेत्र में संचार सेवा मिलने की उम्मीद है।
ग्राम सभा दाखिम और सेलमाली के ग्रामीणों को संचार सुविधा से जोड़ने के लिए बीएसएनएल ने करीब डेढ़ वर्ष पहले क्षेत्र में टावर लगाया। इस टावर के लगने के एक-डेढ़ महीने तक ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया खुशी काफूर होती रही। ग्रामीणों ने टावर संचालित करने के लिए प्रशासन और बीएसएनएल अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। समय बीतता रहा, टावर खामोश शोपीस बना रहा और परेशान होते ग्रामीणों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि नौबत यह आ गई कि मोबाइल में सिग्नल के लिए आमरण अनशन की रणनीति बनने लगी।
ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटा और बीती 25 अक्तूबर से ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। पीछे टावर और उसके आगे अनशन पर बैठे ग्रामीणों की खबर और तस्वीर जब अमर उजाला में प्रकाशित हुई तो सीमांत के इस दूरस्थ इलाके की समस्या का पता डीएम आशीष भटगांई को भी लगा। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को अनशन पर बैठे मोहन, उनके साथियों से बातचीत करने और उनके स्वास्थ्य का हाल जानने नायब तहसीलदार चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम दाखिम पहुंची।
प्रशासन और विभाग के मोबाइल टावर चालू करने के लिखित आश्वासन पर ग्रामीणों ने आमरण अनशन खत्म कर दिया। बीएसएनएल के मुताबिक एक महीने के भीतर टावर को शुरू कर दिया जाएगा। तहसीलदार चंद्रपाल सिंह ने कहा कि लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अनशन खत्म कर दिया है।
सांसद टम्टा ने दिया समस्या के निराकरण का निर्देश
अधिकारियों के पहुंचने के दौरान स्थानीय भाजपा नेता भगत वाछमी ने भी मौके पर पहुंचकर क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा से दूरभाष पर आंदोलनरत लोगों की वार्ता कराई। इस दौरान सांसद ने बीएसएनएल के अधिकारियों को तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों का कहना
दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्र दाखिम और सेलमाली कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। संचार सेवा न होने से दिक्कत अधिक बढ़ गई है। जल्द ही संचार सेवा दुरुस्त होनी चाहिए। - मोहन सिंह मेहरा, क्षेत्रवासी
संचार सुविधा मिलने पर लोग अपनों का हालचाल ले पाएंगे और बाहर रह रहे परिजनों को भी गांव के सुख-दुख के बारे में पता चल सकेगा। संचार क्रांति के इस युग में हमारा गांव संचार सेवा से वंचित है।
- प्रह्वलाद सिंह, क्षेत्रवासी
टावर चालू नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को मोबाइल फोन से बात करने के लिए नेटवर्क वाले इलाकों बंगापानी, नाचनी आदि जाना पड़ता है जिसमें पैसा और समय दोनों खर्च होते हैं। - भोपाल सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान, सेलमाली
चारों ओर संचार क्रांति है लेकिन हमारे क्षेत्र के लोग टावर लगने के इतने समय बाद भी संचार सेवा महरूम हैं। यह बहुत ही विडंबना की स्थिति है। - नारायण सिंह मेहरा, क्षेत्रवासी