जिले में डीजल और पेट्रोल का संकट शुरू हो गया है। नगर क्षेत्र के छह पंपों के सामने सोमवार को डीजल भराने के लिए वाहनों की भीड़ लगी रही। पंपों में डीजल और पेट्रोल की सप्लाई न होने से संकट लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को करीब तीन हजार डीजल यहां पहुंचने की उम्मीद है। इस समय रोजाना यहां पर छह हजार लीटर डीजल की खपत होती है।
नगर क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों के सामने आज वाहनों की भारी भीड़ लग गई। इस समय यहां डीजल और पेट्रोल की सप्लाई रुड़की स्थित डिपो से हो रही है। इस कारण आने में समय लग रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन का कहना है कि सप्लाई सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी पंप मालिकों से कहा गया है कि वह अपने स्तर से भी संपर्क बनाए रखें। ठीक शादी विवाह के सीजन में डीजल, पेट्रोल की किल्लत होने से वाहन चालक खासे परेशान हैं। जिले के अन्य नगरों और कस्बों में स्थित पंपों में भी डीजल और पेट्रोल की कमी होने लगी है।