उत्तराखंड क्रांति दल इसी माह 37 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर देगा। विधानसभा की डीडीहाट सीट से उक्रांद के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी मैदान में उतरेंगे।
उक्रांद के विधानसभा कार्यालय में आयोजित युवाओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन यहां के लोगों की शहादत से हुआ था परंतु कांग्रेस और भाजपा ने उत्तराखंड को लूटकर इसे बर्बाद कर दिया है।
आज पूरे उत्तराखंड में मात्र माफियाराज चल रहा हैं। 16 साल के इस प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा मात्र मुख्यमंत्री बदलो का खेल खेल रहे हैं। वहीं युवाओं से अपील की गई कि वह राज्य आंदोलन की तर्ज पर एक बार उत्तराखंड बचाओ, उत्तराखंड बसाओ की लड़ाई लड़ने की तैयारी करें। बाद में पत्रकारों से वार्ता में ऐरी ने कहा कि वह शीघ्र ही 37 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर देगे।
शेष 33 विधानसभाओं में जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है। पीडीएफ कोटे से मंत्री उक्रांद के विधायक प्रीतम पंवार की उम्मीदवारी पर ऐरी ने कहा कि अब तक उनके द्वारा उक्रांद से टिकट का आवेदन नहीं किया गया है। युवा सम्मेलन में दर्जनों युवाओं ने उक्रांद की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जोध सिंह बोरा, गोविंद लाल साह, शेर सिंह शाही, इंद्र सिंह खोलिया, गणेश दत्त पंत, डिगर सिंह कफलिया आदि मौजूद थे।