ड्डा डाकघर में चोरी करने वाली पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
वड्डा डाकघर में 26 नवंबर की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी में लिप्त किशोर को पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने डाकघर से चोरी हुए 68,500 रुपये में से 17 हजार 70 रुपये की राशि बरामद की है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त हथौड़ा और लोहे की रॉड को भी बरामद कर लिया है। डाकघर से इन दोनों ने हिसाब वाला रजिस्टर भी चुरा लिया था।
एसपी अजय जोशी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के सीओ शेखर सुयाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। एसपी ने बताया कि जाजरदेवल थाना पुलिस और एसओजी की टीम जांच के बाद ग्राम बरड़ी सिमलकोट निवासी घनश्याम भट्ट (47) को गिरफ्तार कर लिया। घनश्याम के साथ चोरी में शामिल 17 वर्ष के एक लड़के को भी पकड़ा गया है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इससे पहले वह भड़कटिया डाकघर से भी चोरी कर चुके थे। किल्ल और सन्न गांव में भी इन दोनों ने चोरी की छोटी-मोटी घटनाओं को अंजाम दिया। खुलासा करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी प्रकाश मेहरा, जाजरदेवल थाने के उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, अनिल मर्तोलिया, आन सिंह और मोहन बोरा शामिल थे। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को 2500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।