पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों में विदेश जाने की चाह बढ़ती जा रही है। पिछले पांच साल में 9896 लोग पासपोर्ट के लिए आवेदन कर चुके हैं। इसके बाद भी पिथौरागढ़ जिले में पासपोर्ट कार्यालय नहीं खोला जा रहा है। युवा और विदेश घूमने के शौकीन लोग हल्द्वानी, अल्मोड़ा, नैनीताल, देहरादून जाकर पासपोर्ट बनाने को मजबूर हैं।
पिथौरागढ़ में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की घोषणा दो-दो केंद्रीय मंत्री कर चुके हैं। इसके बाद भी यहां पासपोर्ट कार्यालय नहीं खुल पाया है। वर्ष 2018 में देव सिंह मैदान में वसंतोत्सव में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने प्रधान डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की घोषणा की थी। उस वक्त उन्होंने कहा था कि पासपोर्ट कार्यालय के उद्घाटन के लिए वह खुद आएंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पिथौरागढ़ भ्रमण के दौरान पासपोर्ट कार्यालय खोलने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक पासपोर्ट कार्यालय नहीं खुल पाया है।
डाक अधीक्षक एचसी उपाध्याय का कहना है कि पासपोर्ट कार्यालय खोलने के लिए मानकों के अनुसार जगह नहीं है। कार्यालय खोलने के लिए एक हजार स्क्वायर फुट जगह की जरूरत है, लेकिन इतनी जगह नहीं है। कुछ समय पूर्व 250 वर्ग फुट का प्रस्ताव बनाकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
वर्ष पासपोर्ट के आवेदक की संख्या
2019- 1925
2020 - 764
2021 - 1633
2022 - 2324
2023- 3250 अब तक
-
इनसेट कोट-
जितने भी पासपोर्ट के आवेदन जांच के लिए आ रहे हैं उन्हें तत्काल निपटाया जा रहा है। वर्तमान में कोई भी जांच पेंडिंग नहीं है।
लोकश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।