धारचूला के निगालपानी में क्षतिग्रस्त पेट्रोल पंप
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने लोनिवि के पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिकारियों और ठेकेदार को धारचूला के फुलतड़ी स्थित पेट्रोल पंप और एक निजी मकान को पहुंची क्षति की भरपाई करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि पीएमजीएसवाई जहां भी सड़कें बना रहा है, उन सड़कों पर मलबा वन भूमि और सड़क के किनारे डालने पर संबंधित अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रकरण में शनिवार को पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ ही ठेकेदार को अपने कार्यालय में तलब किया। जिलाधिकारी ने ठेकेदार से हादसे के कारणों के बारे में जानकारी ली। डीएम ने घटना के लिए विभाग और ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार मानते हुए पेट्रोल पंप और मकान को पहुंची क्षति की भरपाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 12 किमी लंबी सड़क पर केवल तीन किमी के दायरे में डंपिंग यार्ड बनाने पर नाराजगी जताई। साथ ही सड़क पर निर्धारित स्थानों में डंपिंग यार्ड बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क के निर्माण से किसी का भी कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। सड़क कटिंग के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने होंगे। अधिकारियों को मौके पर तैनात रहना होगा। सड़क निर्माण के दौरान पेड़, पौधों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। बगैर उनकी अनुमति के ब्लॉस्टिंग का प्रयोग नहीं होगा। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता के साथ ही अन्य अभियंता और ठेकेदार डीएम के सामने पेश हुए।