संदिग्ध हालात में जलने के बाद हुई विवाहिता की मौत के मामले में उसके सास, सुसर और देवर के खिलाफ डीडीहाट थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज हो गया है। डीडीहाट के जीआईसी वार्ड निवासी पंकज सिंह कन्याल की पत्नी ममता कन्याल 11 मई की शाम संदिग्ध हालात में अपने घर पर ही जल गई थी। गंभीर रूप से झुलसी ममता को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट, फिर जिला अस्पताल पिथौरागढ़ और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां 28 मई को उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता पिथौरागढ़ के केदार कालोनी निवासी डिकर सिंह बिष्ट ने बेटी की मौत के लिए उसके ससुर मोहन सिंह कन्याल, सास और देवर दीपक कन्याल को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में रिपोर्ट लिखाई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ममता को उसके ससुरालियों ने मिट्टी का तेल डालकर जला दिया था। ममता का विवाह 27 नवंबर 2014 को पंकज के साथ हुआ था। पिता ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
मृतका का पति एसएसबी में बिहार में कार्यरत है, जबकि आरोपी देवर सेना में कार्यरत है। थाना प्रभारी गणेश सिंह सामंत ने बताया कि धारा 498 (ए), 504, 506, 323 और 304 (बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह करेंगे।