जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए 40 आवेदनों के माध्यम से शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम में सक्षम अधिकारी ही मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग एक पंजिका तैयार कर उसमें जनता मिलन कार्यक्रम से संबंधित विभागीय समस्याओं को दर्ज करें। अगले सप्ताह तक प्राप्त शिकायत पर की गई कार्रवाई को पंजिका में दर्ज करते हुए उन्हें भी अवगत कराएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय पर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश किए। साथ ही कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
रमेश चंद अध्यक्ष सीमांत क्षेत्र विकास समिति मूनाकोट ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने, सहज बिजली योजना के अंतर्गत विद्युत संयोजन चाहने, जीवंती देवी निवासी थल ने विधवा पेंशन, प्रकाश चंद्र निवासी विण ने आवासीय भवन, भूमि को किए गए नुकसान के संबंध में, मनोज कोहली निवासी खर्कदौली द्वारा लछेर में डामर प्लांट को बंद करने, दिनेश चंद्र पाठक ने पूर्व आवेदनों पत्रों के संबंध में शिकायतें दर्ज कराईं।
इनके अलावा पेयजल समस्या का समाधान, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने, पेंशन प्रकरणों का समय पर निदान कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने, आवारा कुत्तों से निजात दिलाने आदि समस्याएं भी दर्ज की गईं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल, पीडी डीआरडीए डीडी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी, लीड बैंक प्रबंधक प्रवीन सिंह गर्ब्याल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विद्यासागर कापड़ी समेत सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।