मल्लिकार्जुन महोत्सव में कड़ाके की ठंड के बावजूद देर रात तक दर्शक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठा रहे हैं। दोपहर में मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन किए जा रहे हैं।
बृहस्पतिवार रात मुख्य अतिथि रामलीला कमेटी अध्यक्ष होशियार सिंह पाल ने दीप जलाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इसके बाद कला संगीत विकास समिति के लोकगायकों ने अपने गीतों से समा बांध दिया। लोकगायिका स्व.कबूतरी देवी की बेटी हेमंती दीदी ने-आज पनि झौं झौं, भौल पनि झौं झौं...गीत से दर्शकों को भावुक कर दिया। इसके बाद लोकगायक चंचल सिंह रावत ने-सिलगड़ी का पाला चाला ओ साली, पहाड़ को ठंडो पानी, सुन मेरी मीठी बानी, छोड़नि ने ला गनी, बेड़ू पाको बारो मासा, ओ नरेण काफल पाको चैत मेरी छेला, टकटका टक कमला बाटुली लगाए गीतों से दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
इससे पहले दोपहर में आयोजित 100 मीटर ओपन बालिका वर्ग में राइंका के दीपांशु कुमार, बालिका में चिल्ड्रंस एकेडमी की प्रिया पाल, 200 मीटर प्राथमिक वर्ग में केबीएस पाल के हर्षित धामी, बालिका में राप्रावि की आकृति ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष महेश पाल, तनुज पाल, ललित पाल, महेंद्र जेठी, गौरव लुंठी, रविंद्र पाल, सनी लुंठी आदि थे।
हंसेश्वर में राफ्टिंग कल से
अस्कोट। केएमवीएन की ओर से शनिवार से स्कूली बच्चों को काली नदी में राफ्टिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। निगम के प्रबंधक साहसिक खेल दिनेश गुरुरानी ने बताया कि जौलजीबी से हंसेश्वर तक राफ्टिंग कराई जाएगी।